नई दिल्ली। संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने ऐसी टिप्पणी की है, जिसपर बवाल मच गया है। दरअसल बजट पेश होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया और सरकार के तमाम कामों को गिनाया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जब पत्रकारों ने सोनिया गांधी से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह अंत तक बहुत थक गई थीं… मुश्किल से बोल पा रही थीं, बेचारी। वहीं, राहुल ने भाषण को बोरिंग बताया।
दरअसल, राहुल गांधी और सोनिया गांधी आपस में ही बात कर रहे थे। राहुल ने अपनी मां से सवाल के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण को बोरिंग बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुरानी चीजों को ही रिपीट कर रही थीं। इसके बाद सोनिया ने कहा कि राष्ट्रपति काफी थक गई थीं। वो बड़ी मुश्किल से बोल पा रही थीं। खराब बातें बोली Poor Lady।
वहीं दिल्ली के द्वारका में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए PM मोदी ने सोनिया गांधी के बयान पर जोरदार हमला किया। पीएम मोदी ने कहा कि शाही परिवार ने राष्ट्रपति का अपमान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का अहंकार चरम पर है। वह हमारे राष्ट्रपति का अनादर करते हैं। कांग्रेस शाही परिवार उनका अनादर करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार का अहंकार आज देश ने फिर देखा है। आज हमारी सम्मानीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने संसद को संबोधित किया। उन्होंने देशवासियों की उपलब्धियों के बारे में बताया, विकसित भारत के विजन के बारे में बताया। हिंदी उनकी मातृभाषा नहीं है, फिर भी उन्होंने बहुत ही बेहतरीन भाषण दिया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है।
कांग्रेस ने आदिवासी भाई-बहनों का अपमान किया- PM मोदी
उन्होंने कहा कि शाही परिवार के एक सदस्य ने कहा कि आदिवासी बेटी ने बोरिंग भाषण दिया। दूसरी सदस्य तो इससे भी एक कदम आगे बढ़ गई। उन्होंने राष्ट्रपति को Poor thing कहा, गरीब कहा, चीज कहा, थकी हुई कहा। एक आदिवासी बेटी का बोलना इनको बोरिंग लगता है। ये देश के 10 करोड़ आदिवासी भाई-बहनों का अपमान है। ये देश के हर गरीब का अपमान है।जो जमीन से ऊपर उठकर आते हैं, उनको कांग्रेस का शाही परिवार बिल्कुल पसंद नहीं करता। गरीब-दलित-आदिवासी और OBC समाज से जो भी लोग आगे बढ़ते हैं, उनको ये कदम-कदम पर अपमानित करते हैं।