नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति घोटाले को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, सीबीआई के बाद अब आज मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम भी तिहाड़ जेल में बंद पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से दिल्ली आबकारी नीति में अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ कर उनका बयान दर्ज करेगी।
दिल्ली शराब घोटाला केस में एक और गिरफ्तारी
मामले में ईडी की टीम ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्रा पिल्लई को भी गिरफ्तार किया है। आबकारी घोटाला मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी की गई है। बता दें कि पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में सिसोदिया
गौरतलब है कि आबकारी घोटाले में कल सोमवार को राउज एवेन्यू की विशेष सीबीआइ अदालत ने मनीष सिसोदिया को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया। सिसोदिया को जेल संख्या एक में रखा गया है। जेल प्रशासन के अनुसार, उन्हें कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी और सामान्य कैदी के तौर पर रहना होगा।
सिसोदिया की ओर से चार मार्च को इसी अदालत में दाखिल जमानत अर्जी पर 10 मार्च को सुनवाई होनी है। सिसोदिया को सीबीआइ ने 26 फरवरी को आठ घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर अगले दिन अदालत में पेश किया था।
अदालत ने उन्हें पांच दिन की सीबीआइ हिरासत में भेजा था। चार मार्च को सीबीआइ हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई थी। सोमवार को अवधि पूरी होने के बाद सिसोदिया को राउज एवेन्यू की विशेष सीबीआइ अदालत में पेश किया गया।