फैजगंज बेहटा (बदायूं)। उप्र के बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा में नाबालिग किशोरी के साथ आपत्तिजनक हरकत करने के लिए पति व पत्नी दोनों पर केस दर्ज हुआ है। प्राप्त समाचार के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले शादीशुदा युवक ने नाबालिग किशोरी को प्यार के झांसे में फांस लिया और अक्सर उससे मिलने लगा साथ ही अपने घर भी बुलाने लगा। इस बात का शक जब पत्नी को हुआ तो वह पति पर नजर रखने लगी।
एक दिन पत्नी किसी काम से बाहर जाने की बात कहकर गांव में ही छिप गई। पत्नी के जाते ही पति ने किशोरी को घर बुला लिया। कुछ देर में ही पत्नी भी घर पहुंची और चुपके से दोनों का आपत्तिजनक हालत में वीडियो बना लिया। पति को इस बात की भनक तक नहीं लगी।
पति-पत्नी के बीच इस घटना को लेकर काफी बवाल हुआ। हंगामा घर से लेकर बाहर सड़क तक सामने आया। नतीजा कुछ नहीं निकला। पति की हरकत में सुधार न होने पर अगले दिन पत्नी ने वीडियो सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट होते ही हड़कंप मच गया। नाबालिग के पिता ने दोनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिर पुलिस ने भेज दिए दोनों जेल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद किशोरी के पिता ने पति अर्जुन व उसकी पत्नी सीता के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करा दिया। पुलिस ने पति के खिलाफ नाबालिग संग रेप व पास्को एक्ट व पत्नी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।