हरदोई। एक ओर जहां उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सूबे के अपराधियों और गुंडों को प्रदेश छोड़कर जाने की नसीहत देते हैं तो वहीं दूसरी ओर हरदोई में नजारा कुछ अलग ही है। हरदोई शहर में आए दिन गुंडे कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे हैं।
गुंडों का ऐसा ही दुःसाहस उस समय देखने को मिला जब शहर की सबसे प्रमुख पॉश कॉलोनी आवास विकास में सरेशाम मंडी पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर कॉलोनी की सबसे व्यस्ततम सड़क पर गुंडों के दो समूह आमने सामने आ गए और उन्होंने जमकर एक दूसरे पर पत्थरबाजी की।
यह वही समय था जब कॉलोनी के तमाम बच्चे सड़कों पर खेल रहे थे तथा बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी अपने अपने घरों के बाहर चहल कदमी कर रहे थे। गुंडों द्वारा की गई जोरदार पत्थरबाजी से न सिर्फ तमाम वाहन क्षतिग्रस्त हो गए बल्कि इस पत्थरबाजी की चपेट में आकर कुछ निर्दोष बुरी तरह घायल भी हो गए।
गुंडे वारदात को अंजाम देकर बेहद शातिराना तरीके से भाग निकले एवं घटना के काफी देर बाद फिल्मी अंदाज में मौके पर पहुंची पुलिस सिर्फ कार्यवाही और जांच की औपचारिकता निभाती लिखी। इस जबरदस्त पत्थरबाजी के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पत्थरबाजी के दौरान तमाम बाशिंदे डर कर अपने घरों में घुस गए तो वही व्यस्त सड़क पर जबरदस्त आतंक और भगदड़ का माहौल बन गया। घटना के दौरान दहशतज़दा लोग समझ नहीं पा रहे थे कि वह योगी सरकार द्वारा किए जा रहे सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों पर यकीन करें तो आखिर कैसे करें?
आए दिन होने वाली इस प्रकार की घटनाओं के चलते शहर वासियों का पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था से विश्वास पूरी तरह टूटता जा रहा है। पुलिस के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे है।
