नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में सबसे ज्यादा राहत देने वाली चीज पंखा होता है। भारत में लगभग हर घर में आपको पंखे मिल जाएंगे, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भारत के पंखों में क्यों तीन ही ब्लेड होते हैं जबकि विदेशों के पंखों में चार ब्लेड लगे होते हैं? अगर आपका जवाब न है तो हम बताते हैं।
अमेरिका, रूस या ठंडे देशों में लोग अपने घरों में 4 ब्लेड वाले पंखे इस्तेमाल करते हैं। चूंकि वहां लोगों के पास एयर कंडीशनर (एसी) होता है, इसलिए वो पंखों का इस्तेमाल एसी के सप्लीमेंट के रूप में करते हैं, जिसका मकसद एसी की हवा को पूरे कमरे में फैलाना होता है।
भारत में पंखों का इस्तेमाल ठंडी हवा के लिए किया जाता है। गर्मियों के मौसम में यह काफी आरामदायक होता है। आपको बता दें कि तीन ब्लेड वाले पंखे चार ब्लेड वाले पंखों की तुलना में हल्के होते हैं और काफी तेज भी चलते हैं। इसलिए भारत में अधिकतर 3 ब्लेड वाले पंखे ही इस्तेमाल होते हैं।
चार ब्लेड्स वाले पंखों की तुलना में तीन ब्लेड वाले पंखे से बिजली की बचत होती है। छोटे कमरों के लिए तीन ब्लेड वाले पंखे काफी फायदेमंद होते हैं। यह कमरे के चारों कोनों तक हवा पहुंचाते हैं। साथ ही चार ब्लेड्स वाले पंखों की अपेक्षा तीन ब्लेड वाले पंखे कम दाम में भी मिल जाते हैं।