सुपौल| बिहार के सुपौल में सावन के तीसरे सोमवार को कोसी बराज पर जल भरने पहुंचे एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनवा रहा था। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव वाले हिस्से में बने पिलर से वापस ऊपर आने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती कोसी नदी में जा गिरा।
वीडियो बनवाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान अररिया जिले के अचरा गांव निवासी 28 वर्षीय संजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संजीत अपने दोस्तों के साथ सावन के तीसरे सोमवार पर जल भरने के लिए भीमनगर स्थित कोसी बराज पहुंचा था। सोमवार तड़के करीब ढाई बजे वह बराज के 12 नंबर गेट के पास गया। बताया जा रहा है कि जल भरने के साथ वह वीडियो भी बनवा रहा था। इसके बाद जब वह पिलर के सहारे वापस पुल की ओर चढ़ने लगा, तभी उसका हाथ छूट गया और वह सीधे नदी की तेज धारा में जा गिरा।
देखते ही देखते नदी में हो गया लापता
युवक के नदी में गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में वहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद लापता युवक की तलाश शुरू की गई। घटना से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात सामने आ रही है। हादसे के बाद संजीत के दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश से उफान पर कोसी, खतरनाक हिस्सों से रहें दूर
सावन के सोमवार को कोसी बराज पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल भरने पहुंचते हैं। वहीं, बारिश के चलते इन दिनों कोसी नदी का जलस्तर और बहाव तेज है। ऐसे में नदी के गहरे या तेज धार वाले हिस्सों में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे नदी के खतरनाक हिस्सों में जाने और वीडियो या रील बनाने के लिए जोखिम उठाने से बचें।