नई दिल्ली: दिल्ली में सफाई कर्मचारी की हत्या के मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पार्टी विधायक कुलदीप कुमार को मंगलवार तड़के दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवान सादे कपड़ों में उनके घर से अपने साथ ले गए। AAP का कहना है कि विधायक को कहां ले जाया गया है, इसकी जानकारी परिवार और पार्टी को नहीं दी गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सुबह 4 बजे घर पहुंची पुलिस, AAP का दावा
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि मंगलवार सुबह करीब 4 बजे करीब 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कुलदीप कुमार के घर पहुंचे। इसके बाद वे विधायक को अपने साथ ले गए। पार्टी का आरोप है कि कुलदीप कुमार को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद प्रदर्शन
दरअसल, दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या किए जाने के बाद कुलदीप कुमार पीड़ित परिवार के लिए न्याय और मुआवजे की मांग कर रहे थे। उनकी ओर से परिवार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कराने की मांग भी उठाई जा रही थी।
‘फोन तक साथ नहीं ले जाने दिया’
विधायक की टीम का आरोप है कि पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाते समय फोन भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी। परिवार को यह भी नहीं बताया गया कि उन्हें किस जगह ले जाया गया है। AAP ने आरोप लगाया है कि मृतक के परिवार पर भी दबाव बनाया जा रहा है और उनकी इच्छा के खिलाफ अंतिम संस्कार कराने की कोशिश की जा रही है।
धरने से पहले हिरासत का दावा
कुलदीप कुमार सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में धरने पर बैठे थे। सफाई कर्मचारी की मौत के मामले में मंगलवार सुबह 9 बजे बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। इसी बीच AAP ने दावा किया कि प्रदर्शन से पहले ही पुलिस विधायक को उनके घर से हिरासत में लेकर चली गई।
फिलहाल पुलिस या दिल्ली सरकार की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।