नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। भारत में बीते दिन 72 हजार से अधिक कोरोना के मामले सामने आए। यह इस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है। तेजी से फैल रहे संक्रमण के बाद अब देश में रोजाना हो रही मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 72,330 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस अवधि में 459 लोगों की जान गई है। मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी हुए आंकड़ों के बाद एक बार फिर देश में कोरोना को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। जारी हुए ताजा के मुताबिक देश में अब कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1,22,21,665 हो गई है। कोविड से मरने वालों की संख्या 1,62,927 हो गई।
गौरतलब है कि देश में इस समय टीकाकरण का अभियान तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश भर में अभी 6,51,17,896 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।