नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बैठकर परिवार से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते नजर आ रहे हैं. करीब 23 मिनट के इस वीडियो में तीनों ने बचपन, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और परिवार के मुश्किल दौर से जुड़े कई अनकहे किस्सों पर बातचीत की.
राहुल गांधी ने यह वीडियो अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के संदर्भ में साझा किया है. उन्होंने बताया कि किताब 500 से ज्यादा पन्नों की है, लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसी बातें हैं जिन्हें उनकी मां ने इसमें शामिल नहीं किया है. इसी को लेकर राहुल और प्रियंका ने सोनिया गांधी के साथ बैठकर पुराने किस्सों पर चर्चा की.
राहुल गांधी ने पोस्ट में क्या लिखा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उनकी मां की किताब में कई ऐसी बातें हैं, जो परिवार के लिए बेहद खास हैं. उन्होंने अपने सातवें जन्मदिन और साल 2004 में लिए गए फैसले का भी जिक्र किया.
राहुल ने लिखा कि पुरानी यादों को फिर से जीने के दौरान परिवार ने उस समय की खुशियों, हंसी और दर्द को एक बार फिर महसूस किया. उन्होंने अपनी मां की जिंदगी को प्यार और दुखद घटनाओं से भरा सफर बताया. साथ ही कहा कि सोनिया गांधी ने तमाम मुश्किलों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया.
राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का भी जिक्र
वीडियो में बातचीत के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा. राहुल गांधी ने अपने पिता की सुरक्षा हटाए जाने के पीछे एक मकसद होने की बात कही. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सुरक्षा वापस लेने के फैसले के पीछे एक मंशा थी.
इस बातचीत में सोनिया गांधी ने भी राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े पुराने घटनाक्रम को याद किया. उन्होंने बताया कि एक बार राहुल गांधी अपने पिता की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे और उन्होंने घर लौटकर इस बारे में अपनी मां से बात की थी.
इटली से भारत आने तक का सफर किया याद
इस बातचीत में सोनिया गांधी ने इटली से भारत आने और नए माहौल में खुद को ढालने के अनुभव भी साझा किए. उन्होंने बताया कि एक अलग देश, संस्कृति और परिवेश में शुरुआत में उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा था.
प्रियंका गांधी ने भी अपनी नानी से जुड़ी यादें साझा कीं. उन्होंने बताया कि उनकी नानी भाषा की बाधा के बावजूद लोगों से आसानी से जुड़ जाती थीं. उन्होंने प्रियंका को इटैलियन खाना बनाना भी सिखाया था.
मां के साथ रिश्ते पर राहुल ने कही भावुक बात
बातचीत के दौरान राहुल और प्रियंका ने उस दौर को भी याद किया जब परिवार को कई बड़ी त्रासदियों से गुजरना पड़ा था. राहुल ने बताया कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के निधन के बाद उनकी मां के जीवन में काफी बदलाव आया था.
राहुल ने अपनी मां के संघर्षों और परिवार के प्रति उनके समर्पण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में भी साहस और गरिमा बनाए रखी. इस वीडियो के जरिए गांधी परिवार ने अपनी निजी जिंदगी के कुछ ऐसे पहलुओं को साझा किया है, जो आमतौर पर सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं बनते.
The proposal didn’t go according to plan and neither did my seventh birthday.
The decision in 2004 gave some of us relief but others joy.
There was an intention behind withdrawing Papa’s security.
And even after 500+ pages there are some things Ma has left out of her book.
Priyanka and I sat down with our mother to talk through all of it. Going back to those memories brought back the joy, the laughter and even the pain we felt at the time.
Ma’s journey of Belonging has been full of enormous love and terrible tragedy, and she has met all of it with dignity and courage.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 24, 2026