नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने के लिए तारीख तय कर दी है. वह 16 दिसंबर 2026 को भारत से बांग्लादेश वापस जाना चाहती हैं. खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए बांग्लादेश के राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ के विमान की व्यवस्था करने की मांग की है. शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी.
हालांकि, शेख हसीना की वापसी का रास्ता आसान नजर नहीं आ रहा है. बांग्लादेश सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि वह भारत से प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही वापस आ सकती हैं. वहीं, बांग्लादेश के एक मंत्री ने कहा है कि देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. ऐसे में 16 दिसंबर की तारीख को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है.
क्यों चुनी 16 दिसंबर की तारीख?
शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर का दिन चुना है. इस तारीख का बांग्लादेश के इतिहास में खास महत्व है. दरअसल, 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है. साल 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना. शेख हसीना के सहयोगियों का मानना है कि विजय दिवस के मौके पर उनकी वापसी ऐतिहासिक महत्व रखती है. उनके प्रवक्ता ने कहा कि जिस तरह 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, उसी तरह अब बांग्लादेश सरकार को उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करनी चाहिए.
बांग्लादेश सरकार ने क्या कहा?
शेख हसीना की वापसी की मांग पर बांग्लादेश सरकार का रुख सख्त है. सरकार का कहना है कि वह प्रत्यर्पण संधि के तहत ही बांग्लादेश लौट सकती हैं. बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री ने कहा है कि वापसी पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण की अदालत ने नवंबर 2025 में शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी. हालांकि, शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है.
अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं शेख हसीना
शेख हसीना को अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए बड़े छात्र आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था. 5 अगस्त 2024 को वह देश छोड़कर भारत आ गई थीं. इस घटनाक्रम के साथ ही उनका करीब 15 साल का शासन समाप्त हो गया था. इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं. बांग्लादेश की नई सरकार लगातार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है. भारत के विदेश मंत्रालय ने पहले कहा था कि इस अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है.
क्या 16 दिसंबर को वाकई लौट पाएंगी शेख हसीना?
शेख हसीना ने भले ही 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, लेकिन उनकी वापसी अभी तय नहीं मानी जा सकती. इसकी सबसे बड़ी वजह बांग्लादेश सरकार का प्रत्यर्पण पर जोर देना और भारत में उनके प्रत्यर्पण अनुरोध की कानूनी समीक्षा है.