पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की रिहाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) ने बड़ा बयान दिया है. संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान को तत्काल रिहा करने की अपील की है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने और देश में बढ़ते राजनीतिक तनाव को कम करने की भी मांग की है.
वोल्कर तुर्क ने CNN को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि इमरान खान की रिहाई सरकार और विपक्ष के बीच भरोसा कायम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकती है. उन्होंने कहा, “मैं इमरान खान की रिहाई की अपील करता हूं. उनके साथ उचित व्यवहार किया जाना चाहिए और राजनीतिक तनाव को कम करने की जरूरत है.”
इमरान की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता
UN मानवाधिकार प्रमुख का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इमरान खान के परिवार और उनकी पार्टी ने उनकी सेहत तथा जेल में रखे जाने के हालात पर चिंता जताई है.
पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे कासिम खान ने भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नेतृत्व वाली सैन्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है.
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने भी उठाई आवाज
इमरान खान की गिरफ्तारी और जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार को लेकर मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने भी चिंता जताई है. संगठन ने आरोप लगाया है कि इमरान खान को परिवार के सदस्यों से नियमित मुलाकात और वकीलों से संपर्क करने की पर्याप्त सुविधा नहीं मिल रही है.
संगठन के मुताबिक, इमरान खान को दिसंबर 2025 के बाद से परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई थी, हालांकि अगस्त 2026 में उनकी बहन से दो मुलाकातें हुई थीं. एमनेस्टी ने उनके स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं. संगठन ने पाकिस्तानी अधिकारियों से इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है.
अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार समेत कई मामले चल रहे हैं. दिसंबर 2025 में तोशाखाना-2 मामले में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 साल की सजा सुनाई गई थी.
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से पाकिस्तान में राजनीतिक तनाव बना हुआ है. उनकी पार्टी PTI लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रही है. अब UN मानवाधिकार प्रमुख के बयान के बाद इमरान खान की गिरफ्तारी और जेल में उनके साथ किए जा रहे व्यवहार का मुद्दा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है.