नई दिल्ली: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गई हैं. अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर लिया है. FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 10 लाख डॉलर यानी करीब 8.5 करोड़ रुपये तक के इनाम का ऐलान किया है.
FBI ने 28 सितंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की थी. एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है. उस पर अमेरिका और कनाडा में सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह के उत्तरी अमेरिकी नेटवर्क का नेतृत्व करने का आरोप है.
कई गंभीर मामलों में है FBI को तलाश
अमेरिकी जांच एजेंसी के अनुसार, गोल्डी बराड़ के खिलाफ लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत में कई गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज है. इनमें संगठित अपराध से जुड़ी साजिश, जबरन वसूली के जरिए कारोबार को प्रभावित करने और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित आरोप शामिल हैं.
FBI का आरोप है कि बराड़ जिस आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है, वह अमेरिका और कनाडा में कई तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. इस नेटवर्क पर हत्या, जबरन वसूली, अपहरण, गोलीबारी और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त होने के आरोप हैं.
ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद बढ़ी कार्रवाई
गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिकी एजेंसियों की कार्रवाई ऑपरेशन हार्डबॉल से भी जुड़ी है. FBI और अमेरिकी न्याय विभाग ने 7 जुलाई 2026 को इस अभियान के तहत भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्रों की जानकारी सार्वजनिक की थी.
अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ना है. जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई है.
कनाडा में भी बढ़ी गोल्डी बराड़ की मुश्किलें
अमेरिका के अलावा कनाडा में भी गोल्डी बराड़ की तलाश तेज हो गई है. 20 नवंबर 2026 को कनाडा के BOLO कार्यक्रम ने उसे देश के 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा. कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम घोषित किया गया है.
कनाडाई पुलिस को 2023 में विनिपेग में हुई सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में भी गोल्डी बराड़ की तलाश है. इस मामले में उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश से जुड़े आरोप हैं.
भारत में भी घोषित है आतंकवादी
गोल्डी बराड़ का नाम भारत में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. केंद्र सरकार ने 2024 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत उसे आतंकवादी घोषित किया था. पंजाब पुलिस भी उसके खिलाफ दर्ज कई मामलों में उसकी तलाश कर रही है.
FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किए जाने और अमेरिका-कनाडा में घोषित इनाम के बाद गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का दबाव बढ़ गया है. फिलहाल अमेरिकी और कनाडाई जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं.