बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से एक एंबुलेंस जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि एंबुलेंस में पहले से ही एक व्यक्ति का शव रखा हुआ था, जिसे जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था.
सुबह करीब 6:30 बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53.3 किलोमीटर पर हुई. शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक राहगीर ने डायल 112 पर हादसे की सूचना दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी. इसी दौरान चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है. एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टकरा गई.
टक्कर के बाद एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया.
जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में अजीजुल हक का शव रखा हुआ था. उनके परिजन और एंबुलेंस चालक शव को जयपुर से पश्चिम बंगाल लेकर जा रहे थे. रास्ते में बाराबंकी के पास यह हादसा हो गया. दुर्घटना में अजीजुल हक के दो भाइयों समेत एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की जान चली गई.
राजस्थान और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों में राजस्थान और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं. पुलिस ने सभी पांच मृतकों की पहचान कर ली है. इनमें हरिओम योगी, अमीनुल हक, रूपिक, मकबूल खान और एंबुलेंस चालक आलम शामिल हैं. मृतकों की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है. घटना के बाद संबंधित परिवारों में शोक का माहौल है.
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया. शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है. हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
एक शव को लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल के लिए निकले लोगों का सफर बाराबंकी में हुए इस हादसे के बाद पांच परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया.