नई दिल्ली: एशिया में भारत की रणनीतिक और आर्थिक ताकत लगातार मजबूत हो रही है. ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान बरकरार रखा है. इस सूची में भारत से आगे केवल अमेरिका और चीन हैं. वहीं जापान और रूस चौथे और पांचवें स्थान पर हैं. भारत का कुल स्कोर 40.5 अंक रहा है.
दुनिया की बड़ी ताकतों में भारत की मजबूत स्थिति
लोवी इंस्टीट्यूट की इस साल की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है. भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर कायम है. जापान 38.8 अंकों के साथ चौथे और रूस पांचवें स्थान पर है. इस रैंकिंग में भारत की स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि देश ने आर्थिक क्षमता, सैन्य शक्ति और क्षेत्रीय प्रभाव के मामले में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है.
2025 में भी तीसरे स्थान पर था भारत
एशिया पावर इंडेक्स 2025 में भी भारत तीसरे स्थान पर रहा था. उस समय भारत को 40 अंक मिले थे. वहीं अमेरिका 80.4 अंकों के साथ पहले और चीन 73.7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर था. जापान 38.8 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.1 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर था. 2025 की रिपोर्ट में भारत पहली बार 40 अंकों की सीमा पार कर ‘मेजर पावर’ यानी प्रमुख शक्ति की श्रेणी में पहुंचा था. 2026 में भी भारत ने इस श्रेणी में अपनी जगह कायम रखी है.
किन आधारों पर तैयार होती है यह रैंकिंग?
एशिया पावर इंडेक्स में किसी देश की ताकत का आकलन केवल उसकी सैन्य क्षमता के आधार पर नहीं किया जाता. इसमें आर्थिक स्थिति, रक्षा संबंध, कूटनीतिक प्रभाव, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों जैसे कई पहलुओं को शामिल किया जाता है. लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रिपोर्ट में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया है. इसके लिए 131 संकेतकों और आठ प्रमुख मानकों का इस्तेमाल किया गया है.
भारत और चीन के बीच अंतर हुआ कम
रिपोर्ट का एक अहम पहलू भारत और चीन के बीच शक्ति के अंतर में आई कमी है. लोवी इंस्टीट्यूट के मुताबिक, 2018 में एशिया पावर इंडेक्स शुरू होने के बाद 2026 में दोनों देशों के बीच व्यापक शक्ति का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंचा है. हालांकि, समग्र शक्ति के मामले में भारत अभी भी अमेरिका और चीन से काफी पीछे है. इसके बावजूद तीसरे स्थान पर भारत की निरंतर मौजूदगी एशिया में उसकी बढ़ती रणनीतिक भूमिका को दर्शाती है.