वाराणसी: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. वाराणसी में सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु घाटों पर पहुंच रहे हैं. हर-हर गंगे के जयकारों के बीच भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की. वहीं, शाम को होने वाले देव दीपावली के भव्य आयोजन को लेकर काशी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
आज 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों तक 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने का अनुमान है.
आज शाम काशी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
देव दीपावली के आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी पहुंचेंगे. उनका शाम करीब चार बजे काशी पहुंचने का कार्यक्रम संभावित है. मुख्यमंत्री नमो घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद वह क्रूज के जरिए गंगा की भव्य महाआरती के दर्शन करेंगे.
11 लाख दीयों से रोशन होंगे गंगा के घाट
इस साल देव दीपावली पर काशी के 108 घाटों को लाखों दीयों से सजाया जाएगा. गंगा के दोनों किनारों के अलावा शहर के 100 से अधिक कुंडों और तालाबों पर भी दीप जलाए जाएंगे. दशाश्वमेध घाट पर विशेष दीपदान और भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा. घाटों पर दीपों की रोशनी और गंगा की लहरों पर झिलमिलाती ज्योतियां इस उत्सव को खास बनाएंगी.
2100 ड्रोन शो और लेजर शो होंगे आकर्षण
इस बार देव दीपावली में धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा. आयोजन के दौरान 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव के स्वरूप, गंगा अवतरण और काशी की धार्मिक विरासत से जुड़ी आकृतियां दिखाई जाएंगी. इसके अलावा चेत सिंह घाट पर लेजर शो और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन भी होगा.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
देव दीपावली पर लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं. घाटों और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. नावों के संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.
काशी में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से लेकर शाम के दीपोत्सव तक पूरे दिन धार्मिक उत्साह का माहौल रहने वाला है. शाम होते ही गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे और काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य आयोजन की साक्षी बनेगी.