लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस लगातार कहर बरपा रहा है। राज्य में लगातार दूसरे दिन मरने वाले लोगों की संख्या 300 से ज्यादा रही। ताजा आंकड़ो के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 30 हजार 317 केस सामने आए हैं।
वहीं इस खतरनाक वायरस की वजह से 303 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 38,826 लोग डिस्चार्ज भी हुए। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 1,02,64,986 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है। इसमें से 23,22,998 लोगों को वैक्सीन की दूसरी खुराक लगी है।
आज से प्रदेश में 18-44 वर्ष के लोगों का वैक्सीनेशन भी शुरू हो गया है। बता दें कि इससे एक दिन पहले प्रदेश में कोरोना वायरस के 34626 नए केस सामने आए थे। वहीं 332 लोगों की कोविड ने जान ले ली थी।