नई दिल्ली। कोरोना वायरस की खतरनाक लहर को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को इसका ऐलान किया।
सीएम केजरीवाल ने यह जानकारी ट्वीट के जरिए दी। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”दिल्ली में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है।” फिलहाल 3 मई सुबह 5 बजे तक दिल्ली में लॉकडाउन लागू था, जो अब 10 मई सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।
Lockdown in Delhi is being extended by one week
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 1, 2021
इस दौरान भी पहले जैसी पाबंदियां ही लागू रहेंगी। वहीं इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के व्यापारी संगठनों ने ऐलान कर दिया है कि वे तीन मई के बाद भी अपनी दुकानें नहीं खोलने जा रहे हैं।
उनकी तरफ से स्वैच्छिक लॉकडाउन लगाया जाएगा। ये फैसला कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा बुलाई गई एक वीडियो कॉन्फ्रेंस मीटिंग में 150 से अधिक प्रमुख व्यापारी संगठनों के नेताओं ने सर्वसम्मति से लिया है।
बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से दिल्ली के हालात काफी गंभीर बने हुए हैं। पिछले कई दिनों से 300 से ज्यादा लोगों की जान जा रही है। शनिवार को दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी की वजह से बत्रा अस्पताल में 12 लोगों की जान चली गई।