लखनऊ में गुडंबा के पहाड़पुर व कल्याणपुर मोहल्ले में शनिवार तड़के तेंदुआ घुस आया। तेंदुए की तस्वीर सीसीटीवी में पहाड़पुर क्षेत्र में कैद हो गई। देर शाम को फिर तेंदुआ पास में ही कल्याणपुर इलाके में दिखा। इस दौरान वो भीड़ देखकर भड़क गया और लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में गुडंबा में तैनात सिपाही सहित तीन घायल हो गए । साथ ही तेंदुआ एक खाली प्लाट में घुस गया है। इलाके में पुलिस व वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी है। वन विभाग के कुकरैल प्रभाग के अधिकारी इलाके में कैंप कर तलाश कर रहे हैं। वहीं पुलिस टीम लोगों को घरों में रहने की लगातार अपील कर रही है। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक पुलिस टीम मुस्तैद है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक तेंदुए ने एक महिला विनीता रावत को सुबह ही हमला करके घायल कर दिया था। वहीं शाम को कल्याणपुर के कन्हैयानगर कालोनी में घुसा तेंदुआ अचानक लोगों को देख भड़क गया। उसने हमला बोल दिया। इस हमले में सिपाही ज्ञानेंद्र घायल हुए। उन पर हमले के दौरान सुबह घायल विनीता के बेटे वीरू ने तेंदुए पर ईंट फेंककर हमला किया तो तेंदुए ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। सबको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक पुलिस मुस्तैद है। लोगों को सतर्क कर रही है।
गुडंबा के कुर्सी रोड पर स्थित घनी आबाद वाले इलाके पहाड़पुर में तेंदुआ घुस आने की जानकारी शुक्रवार को ही वन विभाग के अधिकारियों को लगी थी। देर शाम तक वन विभाग के अधिकारी निरीक्षण करते रहे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। शनिवार तड़के करीब 4 बजे तेंदुआ पहाड़पुर इलाके के घरों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों में दिखा।