भारत में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच अब कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहे हैं। रोज़ाना बढ़ते आकड़े चिंता का विषय बन गए हैं। बता दें कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 13,154 नए मामले दर्ज किए गए। इन मामलों से बुधवार की तुलना में 43 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।
पिछले 24 घंटे में 268 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। अब तक कुल 4,80,860 मरीज जान गंवा चुके हैं। साथ ही ओमिक्रॉन संक्रमितों की बढ़ती संख्या से भी देश में चिंता बढ़ गई है। कोरोना के नए मामले बढ़ने से एक्टिव केस भी बढ़े हैं. फिलहाल, देश में 82,402 मरीजों का कोरोना का इलाज चल रहा है। यह कुल मामलों का 0.24 प्रतिशत है। मौजूदा समय में रिकवरी रेट 98.38% है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि ‘देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले बढ़कर 961 पहुंच गए हैं. यह मामले 22 राज्यों से रिपोर्ट हुए हैं। वहीं, 320 मरीज कोरोना के नए वेरिएंट से ठीक हो चुके हैं। ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मामले दिल्ली (263) और मुंबई (252) में हैं।’