नई दिल्ली। सुपरस्पोर्ट पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट भारत ने जीत लिया है। इस जीत में खास योगदान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी का रहा। तीनों ने शानदार बॉलिंग करते हुए टीम इंडिया को 113 रनों से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीका 94/4 रन से आगे खेलते हुए, बावुमा और डीन एल्गर ने भारत के तेज आक्रमण का जबरदस्त सामना किया। इस बीच, मोहम्मद शमी ने अपनी ही गेंद पर एल्गर (63) का कैच छोड़ दिया।
बावुमा और कप्तान एल्गर के बीच 36 रनों की साझेदारी को जसप्रीत बुमराह ने एल्गर को एलबीडब्ल्यू करके समाप्त कर दिया। इसके बाद, सिराज की गेंद पर क्विंटन डी कॉक (21) बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। सत्र के अपने दूसरे स्पेल में शमी ने वियान मुलडर (1) को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करवा दिया, जिससे भारत को पहले सत्र में तीन विकेट मिले।