नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ओपिनियन पोल पर तंज कसते हुए इसे ओपियम (अफीम) पोल करार दिया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ओपिनियन पोल वास्तव में ओपियम (अफीम) पोल है। लोगों को इससे सावाधान रहने की जरूरत है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “बीजेपी के नेता अपने बयानों से यूपी चुनाव को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश में लगे हैं।
इन नेताओं की ओर से वॉट्सएप पर कई तरह की गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं।” बता दें कि इससे पहले सपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर न्यूज चैनलों की ओर से दिखाए जाने वाले ओपियन पोल पर बैन लगाने की मांग की थी। सपा का आरोप था कि मीडिया ओपिनियन पोल दिखाकर यूपी में लागू अचार संहिता का उल्लंघन कर रही है।
बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि नकारात्मक मानसिकता वाले और समाज को बांटने वाले देश को पीछे ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “हजारों युवाओं के लंबे संघर्ष और बलिदान की वजह से देश को आजादी मिली है। हमें इस आजादी, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प लेना चाहिए।”
अखिलेश ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने कृषि कानून लाकर किसानों का अपमान किया। उन्होंने कहा, “किसान के बेटे सरहद पर देश की रक्षा कर रहे हैं। लेकिन देश में किसानों पर बल का प्रयोग किया जा रहा है उन्हें परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी जानते हैं कि किसानों के विरोध को कुचलने के लिए क्या-क्या किया गया। इस विधानसभा चुनाव को सभी को अपना चुनाव समझना चाहिए। यह निर्णायक होगा।” अखिलेश यादव ने दावा किया कि 10 मार्च को सपा के सत्ता में आने के बाद लोगों की सारी परेशानियां खत्म हो जाएंगी।
”