लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सपा ने 56 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। नई सूची में दूसरे दल से सपा में शामिल हुए नेताओं के नाम भी शामिल हैं।
हाल ही में सपा ने 39 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। पार्टी की तरफ से लखीमपुर की धौरहरा सीट से वरुण चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं मोहम्मदी सीट से दाऊद अहमद को चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। लालजी वर्मा, रामअचल राजभर, दारा सिंह चौहान को उनकी परंपरागत सीट से ही चुनाव में उतारा गया है।
लिस्ट में दूसरे दलों से आए नेताओं के भी नाम
सपा की इस लिस्ट में जहां एक ओर कई कद्दावर नेताओं के नाम हैं, वहीं दूसरे दलों से आए नेताओं को भी इस सूची के मुताबिक टिकट दिए गए हैं। बीजेपी छोडकर सपा में आए दारा सिंह चौहान को मऊ की घोसी सीट से टिकट दिया गया है। वहीं बसपा से लालजी वर्मा को अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा पूर्व बसपा नेता रामअचल राजभर को अकबरपुर से किस्मत आजमाने का मौका दिया गया है। लिस्ट में उन नेताओं के नाम भी शामिल हैं जिन्होंने 2017 के चुनाव में जीत हासिल की थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस लिस्ट में गैर यादव नेताओं को ज्यादा संख्या में टिकट दिया गया है। सपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक रामगोविंद चौधरी का नाम भी इस लिस्ट में है। उन्हें बलिया की बांसडीह सीट से टिकट दिया गया है।
वहीं चंदौली की सकलडीहा सीट से प्रभुनाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा गाजीपुर के जमानिया से ओमप्रकाश सिंह, जंगीपुर से वीरेंद्र यादव, बाराबंकी की कुर्सी सीट से पूर्व मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को मौका दिया गया है।
उपचुनाव में धनंजय सिंह को हराने वाले लकी यादव को दोबारा जौनपुर की मल्हारी सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा पूर्वांचल के बड़े चेहरे हरिशंकर तिवारी के पुत्र विनय शंकर तिवारी को चिल्लूपार से टिकट दिया गया है।