भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तरह सूर्यकुमार यादव भी गाड़ियों के बहुत शौकीन हैं। उनके पास पहले भी कई गाड़ियां थीं। अब हाल ही में उनके गैराज में एक और खास गाड़ी शामिल हुई है। सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस गाड़ी को हल्क (HULK) नाम दिया है। उन्होंने अपनी इस नई एसयूवी (SUV) की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं।
सूर्यकुमार ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, मेरे नए खिलौने को अपना हैलो कहिए। इसका नाम हल्क है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस का हिस्सा सूर्यकुमार की पोस्ट पर टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने कमेंट किए हैं। मुंबई इंडियंस की ओर से भी कमेंट किया गया है।

मुंबई इंडियंस ने लिखा, ‘वनफैमिली में एक ‘अविश्वसनीय’ इजाफा।’ चेतन साकरिया ने लिखा, ‘क्या यह हल्क आपकी तरह स्मैश लगाता है?’ हाल ही में अपनी अगुआई में हिमाचल प्रदेश को पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी का चैंपियन बनाने वाले ऋषि धवन ने लिखा, ‘वाह यह रंग आप पर सूट करता है सूर्यकुमार भाई।’ सरफराज खान ने लिखा, ‘SKY अच्छा हल्क है।’