अलीगढ। चार साल की अवधि के लिए युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल करने की केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का देशभर में विरोध हो रहा है। विभिन्न समूह इस योजना का अलग-अलग तरीके से विरोध कर रहे हैं। कहीं छात्रसंघ के नेता सड़कों पर उतर आए हैं तो कहीं ट्रेन में आग लगा दी गई है।
जट्टारी इलाके में हालात बेकाबू
उप्र के अलीगढ़ के जट्टारी इलाके में हालात बेकाबू हो रहे हैं। उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। बताया जा रहा है कि उपद्रवियों की ओर से फायरिंग भी हुई है।
छात्रों को भड़काया जा रहा- एडीजी लॉ एंड ऑर्डर
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि टप्पल में एक रोडवेज बस के टायर में आग लगाई गई है। कुछ इनपुट इस बात के मिले हैं कि छात्रों को भड़काया जा रहा है।
मथुरा में कुछ जगह अभी भी प्रदर्शन चल रहा है। कुछ अराजक तत्व छात्रों के बीच घुस गए हैं। छात्रों को समझाया जा रहा है। इस काम में जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों को लगाया गया है।
अलीगढ़ में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। उपद्रवी सरकारी संपत्ति को आग के हवाले करने पर आमादा है। आठ बसों में आग लगाने के बाद अब जट्टारी चौकी को आग के हवाले कर दिया है।
उपद्रवियों ने आठ गाड़ियों में लगाई आग
अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने अब तक आठ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर हैं। प्रदर्शन कर रहे युवा टप्पल से जट्टारी पहुंचे हैं। यहां जबरन बाजार बंद करा दी। इसके साथ ही आगजनी भी की।