मुंबई। महाराष्ट्र का सियासी घमासान निर्णायक मोड़ की तरफ बढ़ रहा है। एक तरफ भाजपा ने यहां सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है तो दूसरी तरफ शिंदे गुट के विधायक भी गुवाहाटी के होटल से निकल चुके हैं।
इस बीच एक और निर्दलीय विधायक राजेंद्र राउत ने भाजपा को समर्थन देने का एलान किया है राउत ने कहा कि मैं शुरू से ही भाजपा के साथ हूं। इससे पहले कल मंगलवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की। उन्होंने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट की मांग की थी।
दूसरी ओर शिंदे गुट के विधायकों को गोवा शिफ्ट कराने की तैयारी है। गोवा के लिए उड़ान भरने से पहले शिवसेना के बागी विधायकों ने गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में दर्शन किए।
वहीँ महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा ने भी हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए हैं। भाजपा नेता व पूर्व मुख्मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज दोपहर अपने घर भाजपा नेताओं की बैठक बुलाई है। भाजपा ने अपने विधायकों को आज शाम मुंबई के ताज प्रेसिडेंट होटल में इकट्ठा होने का निर्देश दिया है।
बता दें एकनाथ शिंदे ने गुवाहाटी में पत्रकारों से कहा कि वह अपने गुट के सभी विधायकों के साथ मुंबई पहुंचेंगे। उनके अगले कदम के बारे में पूछे जाने पर शिंदे ने कहा कि हम आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कल मुंबई लौटेंगे।