मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए एकनाथ शिंदे ने एक जुलाई को महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम का पद संभाला था। तब से कयास लगाए जा रहे थे कि शिंदे जल्द ही अपनी कैबिनेट विस्तार का ऐलान करेंगे। अब तकरीबन एक महीने के लंबे इंतजार के बाद एकनाथ शिंदे सरकार के नए मंत्रिमंडल पर सहमति बन गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस नए मंत्रिमंडल में भाजपा और शिंदे गुट में 65-35 प्रतिशत का फार्मूला तय हुआ है। नए मंत्रिमंडल में भाजपा के 24 से 25, शिंदे गुट से 15 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा निर्दलीयों को भी शांत करने के लिए मंत्री पद पर विचार किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के कई विभागों में मंत्री पद की रिक्तता के चलते अशांति का माहौल है। ऐसे में शिंदे पर जल्द कैबिनेट विस्तार का दबाव भी है। सीएम एकनाथ शिंदे कह चुके हैं कि कि कुछ दिनों में कैबिनेट का विस्तार हो जाएगा। जबकि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कैबिनेट विस्तार की तारीखों पर चुप्पी साधे हुए हैं, हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि कैबिनेट विस्तार पर जल्द ही फैसला आ जाएगा।