लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा सांसद और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों नेताओं को बधाई दी और भरोसा जताया कि उनके अनुभव से प्रदेश संगठन को नई दिशा मिलेगी।
CM योगी ने दी दोनों नेताओं को बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विनोद तावड़े और जगदीश पटेल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ता आधारित संस्कृति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोनों नेताओं के अनुभव से नई गति मिलेगी।
केशव मौर्य बोले- 2027 में फिर बनेगी बीजेपी सरकार
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि तावड़े के व्यापक संगठनात्मक अनुभव से प्रदेश में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। मौर्य ने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी।
ब्रजेश पाठक ने भी दी शुभकामनाएं
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी नई नियुक्तियों पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विनोद तावड़े और जगदीश पटेल का संगठनात्मक अनुभव पार्टी को मजबूत करने में मदद करेगा। उन्होंने दोनों नेताओं के साथ पंजाब और गुजरात के लिए नियुक्त किए गए नए प्रभारियों को भी शुभकामनाएं दीं।
2027 चुनाव से पहले अहम बदलाव
बीजेपी की नई नियुक्तियों को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए नई टीम को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ऐसे में विनोद तावड़े और जगदीश पटेल की भूमिका यूपी में पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।