पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर इस्तीफा सौंप दिया है। इसके साथ ही उन्होंने 160 विधायकों के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया है। वे महागठबंधन के साथ बिहार में नई सरकार बनाने जा रहे हैं।
एनडीए से बाहर आने का फैसला पार्टी का: नीतीश कुमार
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए से बाहर आने का फैसला पार्टी का है। कहा कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। आगे महागठबंधन की सरकार बनाएंगे। वहीं इससे पहले जेडीयू की आज हुई बैठक में पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों ने सीएम नीतीश कुमार के फैसले का समर्थन किया और कहा कि वे उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा उनके साथ रहेंगे, जो कुछ भी वह तय करेंगे।
बिहार में नया सीट फॉर्मूला
बिहार में नीतीश संग महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इस बीच बड़ी खबर यह है कि महागठबंधन की नई नीतीश सरकार में दो उपमुख्यमंत्री रहेंगे। इनमें आरजेडी से तेजस्वी यादव का नाम तय है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सत्ता शेयरिंग फॉर्मूला इस प्रकार से है- जेडीयू के पास सीएम, राजद के पास डिप्टी सीएम और गृह मंत्रालय। जबकि कांग्रेस पार्टी को डिप्टी सीएम और स्पीकर पद मिल सकता है।
इसके पहले जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष ललन सिंह तथा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के नए गठबंधन में जाने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद अब नीतीश कुमार फिर राज्यपाल से मिलकर महागठबंधन की नई सरकार बनाने के लिए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपेंगे।