नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ अब देश के 14वें उपराष्ट्रपति बन चुके हैं। उन्हें आज गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
धनखड़ को छह अगस्त को उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया था। उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 346 मतों के अंतर से हराया था। लोकसभा सचिवालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, 780 मतों में से 725 ने मतदान किया। इनमें से धनखड़ को 528 मत मिले जबकि अल्वा को 182 मत मिले। 50 अनुपस्थित रहे और 15 मत अवैध पाए गए।
धनखड़ जो राज्यसभा के अध्यक्ष भी होंगे वह वैंकेया नायडू की जगह लेंगे। धनखड़ का जन्म राजस्थान के झुंझुनू में हुआ था। राजनीति में आने से पहले एक वकील थे। उन्होंने 1990 में संसदीय मामलों के राज्य मंत्री के रूप में भी काम किया था। 2019 में उन्हें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनके संबंध तल्खी भरे रहे। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।