नई दिल्ली: मुख्य निर्वाचन आयुक्त और वोटर लिस्ट में एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच अब कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने भी दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP की ओर से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही गई है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि बिना अनुमति किसी भी तरह का प्रदर्शन या जमावड़ा गैरकानूनी माना जाएगा। पुलिस का कहना है कि स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
जुलाई में प्रदर्शन के दौरान हुआ था हंगामा
CJP के पिछले प्रदर्शन का हवाला देते हुए पुलिस ने इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती है। जुलाई में हुए CJP के प्रदर्शन के दौरान हिंसा और हंगामे की स्थिति देखने को मिली थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। दिल्ली पुलिस की डीसीपी सृष्टि पांडे ने कहा कि प्रदर्शन को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि जरूरी फोर्स को तैनात कर दिया गया है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं।
पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल न होने की अपील की
डीसीपी सृष्टि पांडे ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में आकर गैरकानूनी प्रदर्शन का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या पुलिसकर्मियों के साथ किसी तरह की हिंसा करने से बचना चाहिए। पुलिस के मुताबिक 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में प्रदर्शन में शामिल होने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
दिल्ली में धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस ने बताया कि शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। इसके तहत जंतर-मंतर समेत दिल्ली में कहीं भी इस तरह के प्रदर्शन या जमावड़े की अनुमति नहीं है।डीसीपी ने कहा कि बिना अनुमति होने वाला कोई भी जमावड़ा गैरकानूनी माना जाएगा और पुलिस को नियमों के तहत कार्रवाई करनी पड़ेगी। उन्होंने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि गैरकानूनी प्रदर्शन में शामिल होने पर लोगों को बाद में कानूनी कार्रवाई और उसके गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है।