रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में संदिग्ध नाव में एके-47 राइफल, कुछ राइफलें व भारी संख्या में कारतूस मिलने की खबर से हड़कंप मचा है। नाव रायगढ़ जिले में स्थित हरिहरेश्वर समुद्र तट पर मिली है। हरिहरेश्वर तट मुंबई से 200 और पुणे से 170 किलोमीटर दूर बताया गया है।
मामले में उपमुख्यमंत्री व राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि मामले पर सरकार गंभीरता से नजर बनाए हुए है। गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। नाव यूरोप जा रही थी।
उन्होंने कहा अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक समुद्र में नाव का इंजन खराब हो गया था। कोरियाई नाव से लोगों को निकाला गया। अब यह अब हरिहरेश्वर समुद्र तट पर पहुंच गई है। आगामी त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।
फडणवीस ने बताया कि नाव से तीन एके-47 राइफलें मिलीं। आधी टूटी हालत में नाव हाईटाइड के कारण कोकण तट की ओर आ गई। केंद्रीय एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है। किसी भी परिणाम की किसी भी संभावना को हल्के में नहीं लिया जाएगा। एटीएस भी इस पर काम कर रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा। अलर्ट की स्थिति के मानदंडों के अनुसार सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं।
उन्होंने कहा कि किसी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। यहां नाव अभी-अभी यहां पहुंची है। हम किसी भी बात से इनकार नहीं कर रहे हैं। सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।