नई दिल्ली। पैगंबर मोहम्मद पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने निलंबित कर दिया है, साथ ही पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों के अंदर जवाब देने के लिए कहा है।
इससे पूर्व पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के मामले में विधायक टी राजा सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भारी-विरोध के बाद हैदराबाद सिटी टास्कफोर्स और शाहीनयथगंज पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
राजा सिंह के खिलाफ 295(ए) और 153 (ए) समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज हुआ है। इससे पहले कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को धमकी देने पर उन्हें हिरासत में लिया गया था। टी राजा सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मुनव्वर फारूकी के खिलाफ जारी बयान में पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी की थी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा विवाद हैदराबाद में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के शो को लेकर है। फारूकी के शो को लेकर विधायक टी राजा सिंह ने कहा था कि हम उनका शो आयोजित नहीं होने देंगे। इसके लिए बाकायदा राजा ने यू ट्यूब पर एक वीडियो भी जारी किया था। जिसे विवादों में घिरता देख यू ट्यूब की ओर से डिलीट कर दिया गया।
राजा पर आरोप है कि इसी वीडियो में ही जब वे फारूकी के शो को लेकर बयान दे रहे थे, तभी पैगंबर मोहम्मद पर कथित रूप से टिप्पणी कर दी। जिसके बाद से पूरे हैदराबाद में राजा को लेकर बवाल फैल गया।