अलीगढ़। उप्र के अलीगढ़ जनपद में भू-माफियाओं से तंग दलित समाज ने इस्लाम धर्म अपनाने की धमकी दी है। हाथ में पोस्टर-बैनर लेकर सड़कों पर इकट्ठा हुए दलित समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन के साथ मिलकर भू-माफिया उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने एक मार्च भी निकाला।
उन्होंने धमकी दी कि अगर उनके साथ इंसाफ नहीं हुआ तो वह आगामी बैठक में इस्लाम धर्म अपनाने पर विचार करेंगे। दरअसल यह मामला अलीगढ़ के बन्ना देवी क्षेत्र स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के बाउंड्री वाल के निर्माण को लेकर है।
मंदिर ट्रस्ट जमीन अपनी बताकर बाउंड्री वाल का निर्माण कर रहा है, वहीं दलित समुदाय के लोग इसे अपनी जमीन बता रहे हैं। जिसको लेकर कल शुक्रवार शाम को दलित समाज के लोगों ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। दलित समुदाय के लोगों ने हाथों में इस्लाम धर्म अपनाने के पोस्टर लिए थे। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है।
इस मामले में स्थानीय निवासी ललित कुमार ने बताया कि मंदिर के बाहर स्थित जमीन जाटव समाज की है और इसके आसपास जाटव समाज की आबादी है। पिछले 100 सालों से यहां दलित समुदाय के लोग रहते आ रहे है।
उन्होंने बताया कि कुछ भू माफियाओं ने फर्जी ट्रस्ट बनाकर प्रशासन को गुमराह किया और मंदिर की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। ललित ने बताया कि बाउंड्री वाल का कोई विरोध नहीं है लेकिन जो करीब में मकान बने है वहां पर तोड़फोड़ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब हमारी शासन प्रशासन नहीं सुनेगा और हिंदूवादी संगठन भी हमारी नहीं सुनेंगे, तो हमारे पास धर्म परिवर्तन के अलावा कोई चारा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सुनवाई नहीं होती है, तो सामूहिक तौर पर धर्म परिवर्तन करेंगे। चाहे इस्लाम अपनाना पड़े या ईसाई धर्म।
ललित कुमार ने बताया कि मंदिर पर 12 फीट की बाउंड्री लगाई जा रही है जो गलत है। जिला प्रशासन से हमारी मांग है कि दोनों पक्षों को बुलाकर बारीकी से दस्तावेजों का अवलोकन कर फैसला लें। जिला प्रशासन ने भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो दलित समुदाय के लोग आने वाले समय में धर्म परिवर्तन को विवश होंगे।