लुसाने (स्विट्ज़रलैंड)। ओलंपिक चैंपियन जेवलिन थ्रोअर (भाला फेंक) नीरज चोपड़ा ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नीरज चोपड़ा लुसाने डायमंड लीग 2022 जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। चोपड़ा ने 89.08 मीटर के अपने पहले थ्रो के साथ लुसाने डायमंड लीग जीती है।
टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज्च 85.88 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि यूएसए के कर्टिस थॉम्पसन 83.72 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे। हाल ही में नीरज ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। अंजू बॉबी जॉर्ज (2003) के बाद वह ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे एथलीट बने। फाइनल में नीरज ने 88.13 मीटर दूर तक भाला फेंका था।
कॉमनवेल्थ गेम्स में नहीं हुए थे शामिल
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फाइनल के दौरान नीरज चोपड़ा को चोट लगी थी। फाइनल में नीरज अपनी जांघ पर पट्टी लपेटते भी नजर आए थे। उसी चोट की वजह से नीरज कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
डायमंड लीग का ताज जीतने वाले पहले भारतीय
हरियाणा में पानीपत के पास खंडरा गांव के रहने वाले नीरज चोपड़ा डायमंड लीग का ताज जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। चोपड़ा से पहले विकास गौड़ा डायमंड लीग मीटिंग में शीर्ष तीन में रहने वाले एकमात्र भारतीय हैं। गौड़ा दो बार 2012 में न्यूयॉर्क में और 2014 में दोहा में दूसरे और 2015 में शंघाई और यूजीन दो मौकों पर तीसरे स्थान पर रहे थे।
चोपड़ा ने 7 और 8 सितंबर को ज्यूरिख में डायमंड लीग फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय भी बने। उन्होंने बुडापेस्ट, हंगरी में 2023 विश्व चैंपियनशिप के लिए भी 85.20 मीटर क्वालीफाइंग मार्क को तोड़कर क्वालीफाई किया।