नई दिल्ली। 25 अगस्त को पैन इंडिया रिलीज हुई देवरकोंडा और अनन्या पांडे स्टारर ‘लाइगर’ ने ओपनिंग डे पर जबरदस्त कमाई की। फिल्म ने अपनी सभी भाषाओं में ठीक ठाक बिजनेस किया। हालांकि, लाइगर के लिए क्रिटिक और फैंस के रिव्यूज इतने अच्छे नहीं रहे, जिसका असर इसकी दूसरे दिन की कमाई पर साफ नजर आया। वर्ड-ऑफ-माउथ की वजह से करण जौहर की फिल्म का खेल खराब होता दिखाई दे रहा है।
गुरुवार की रिलीज के कारण फिल्म को चार दिन का वीकेंड मिल रहा है। गुरुवार को सभी भाषाओं में 27 करोड़ के आसपास का बिजनेस करने वाली ‘लाइगर’ से उम्मीद की जा रही थी कि शुक्रवार को इसका कलेक्शन बढ़ेगा पर ऐसा हुआ नहीं। फिल्म ने दूसरे दिन कमाई में 40 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की और शुक्रवार का कलेक्शन 15 से 16 करोड़ के बीच रहा है।
‘लाइगर’ तेलुगु में विजय देवरकोंडा के करियर की सबसे बेस्ट ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है लेकिन दूसरे दिन की कमाई ने उन्हें भी निराश किया होगा। बॉलीवुड लाइफ की रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन लाइगर ने तेलुगु से 16 करोड़ रुपये, हिन्दी से 2 करोड़ रुपये और बाकी भारत से 3 करोड़ रुपये और विदेशों से 5 करोड़ रुपये की कमाई की।
बिजनेस विश्लेषक मनोबाला विजयबलन ने तो रिलीज के तुरंत बाद ही लाइगर को एक डिजास्टर फिल्म घोषित कर दिया है। फिल्म के इस डाउनफॉल के लिए विजय देवरकोंडा के बयानों को भी बड़ा कारण माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर बायकॉट ट्रेंड के बारे में बात करते हुए विजय ने एक इंटरव्यू में कहा कि- ‘लोगों की मर्जी है उनका मन हो तो फिल्म देखने आए, ना हो तो न आएं’। पहले से फिल्म का बायकॉट कर रहे लोग यह सुनकर और भी ज्यादा भड़क गए।