मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। अभिनेत्री को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने समन जारी करते हुए 26 सितंबर को पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने हाल ही में दर्ज मामले में दायर चार्जशीट पर संज्ञान लिया है।
दूसरी ओर, 12 सितंबर को दिल्ली पुलिस भी अभिनेत्री से पूछताछ करेगी। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने 215 करोड़ रुपये की वसूली के मामले में जैकलीन फर्नांडीज को आरोपी बनाया है। ईडी ने इस महीने की शुरुआत में अभिनेत्री के खिलाफ चार्जशीट भी दायर की थी।
ईडी का मानना है कि जैकलीन जानती थी कि ठग सुकेश चंद्रशेखर जबरन वसूली करता था। मुख्य गवाहों और आरोपियों के बयानों से पता चला है कि जैकलीन फर्नांडीज लगातार वीडियो कॉल पर सुकेश के संपर्क में थी। सुकेश ने अभिनेत्री को महंगे तोहफे देना भी कबूल किया है।
कुछ समय पहले कोर्ट ने जैकलीन की करीब 7 करोड 12 लाख रुपये की एफडी ईडी ने अटैच की थी। ये भी आरोप है कि जैकलीन ने चंद्रशेखर से 10 करोड़ रुपये के महंगे गिफ्ट्स भी लिए हैं। पिछले साल दिसंबर में इस मामले में पहली चार्जशीट अतिरिक्त सेशन जज प्रवीण सिंह की अदालत में दायर की गई थी।
बता दें कि इस साल फरवरी में ईडी ने पिंकी ईरानी के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की थी। पिंकी वही हैं जिन्होंने सुकेश की पहचान जैकलीन से कराई थी। आरोप है कि पिंकी ईरानी ही जैकलीन के लिए महंगे तोहफे पसंद करती थी और जब सुकेश कीमत दे देता था तो वह उन्हें जैकलीन को दे देती थी। सुकेश ने कई मॉडल और अभिनेत्रियों पर भी करीब 20 करोड़ रुपये लुटाए थे।