नई दिल्ली: लद्दाख के शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को 17वें दिन में पहुंच गई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी इस आंदोलन के बीच उनकी सेहत लगातार बिगड़ने की खबर सामने आई है। ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, लंबे समय से अन्न त्यागने के कारण उनका वजन करीब 8.2 से 8.5 किलोग्राम तक घट गया है। उनका ब्लड प्रेशर 109/70 और ब्लड ग्लूकोज स्तर 67 mg/dL तक पहुंच गया है, जिसे चिकित्सकीय रूप से चिंताजनक माना जा रहा है।
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंता के बीच बॉलीवुड की कई हस्तियां वांगचुक के समर्थन में सामने आई हैं। वरिष्ठ अभिनेत्री जीनत अमान, अभिनेता अभय देओल, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभिनेता ओमी वैद्य, लेखिका अरुंधति रॉय और अर्थशास्त्री जयंती घोष सहित कई प्रमुख लोगों ने सरकार से प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की है।
जीनत अमान ने सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनकी भूख हड़ताल अब 17वें दिन में पहुंच चुकी है और उनकी बिगड़ती सेहत बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने वांगचुक के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था, “मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए, बल्कि सरकार से पूछिए कि वह हमसे संवाद क्यों नहीं कर रही है।”
अभिनेत्री ने अपने संदेश में कहा कि सोनम वांगचुक केवल एक शिक्षाविद नहीं, बल्कि लद्दाख में शिक्षा सुधारों के अग्रदूत, ‘सेकमोल’ के संस्थापक, ‘आइस स्तूप’ तकनीक के आविष्कारक और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान का लोकप्रिय किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ उनके व्यक्तित्व से प्रेरित माना जाता है। जीनत अमान ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का सम्मान होना चाहिए और सरकार को संवाद के माध्यम से समाधान तलाशना चाहिए।
अभिनेता अभय देओल ने भी सोशल मीडिया पर वांगचुक की तस्वीर साझा कर अपनी चिंता व्यक्त की। वहीं नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अरुंधति रॉय और जयंती घोष समेत कई हस्तियों ने संयुक्त बयान जारी कर प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया और सरकार से बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की।
फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि फिल्म का ‘फुंसुक वांगडू’ का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था और लोगों से अपील की कि वे उनके समर्थन में आगे आएं। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “फुंसुक वांगडू को मरने मत देना।”
बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन पिछले 24 दिनों से जारी है। सोनम वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे और तब से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में सरकार के साथ वार्ता और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल है।