कोलकाता। पश्चिम बंगाल कोयला तस्करी मामले में सीबीआई की टीम ने आज बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने ममता सरकार में कानून मंत्री मलय घटक के आसनसोल स्थित आवास पर छापा मारा है। इसके अलावा कोलकाता के चार ठिकानों पर भी सीबीआई के अधिकारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सभी ठिकाने मलय घटक से जुड़े हुए हैं। सीबीआई की टीम का यहां तलाशी अभियान जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार सीबीआई बुधवार सुबह कानून मंत्री और टीएमसी नेता मलय घटक के आसनसोल स्थित आवास पर पहुंच गई। कोयला घोटाले से जुड़े तथ्यों पर जांच एजेंसी से जुड़े अधिकारी उनके आवास पर छानबीन करने में लगे हुएं हैं।
इस दौरान उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात है। इससे पहले ईडी की टीम ने दो सितंबर को मलय घटक को समन भेजा था। उन्होंने कोयला घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए 14 सितंबर को तलब किया गया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) दोनों एजेंसियां कर रही हैं। बंगाल के पश्चिमी हिस्सों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कई खदानें चलाती है। आरोप है कि एक रैकेट के दौरान कई सालों से अवैध रूप से खनन किए गए कोयले को काला बाजार में बेच दिया गया।
अभिषेक बनर्जी से भी हो रही है पूछताछ
इस मामले में केंद्रीय एजेंसियां तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रूजिरा बनर्जी से भी पूछताछ कर चुकी हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने दावा किया था कि टीएमसी सांसद बनर्जी इस अवैध कारोबार से मिले पैसे के लाभार्थी हैं।