नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने इस साल फरवरी-मार्च में हुए देश के 5 राज्यों के चुनाव में 340 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्च की थी। आयोग की ओर से पार्टी को दिए गए खर्च के ब्योरे में यह जानकारी दी गई है। कांग्रेस ने इन चुनावों में 194 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम खर्च की थी।
चुनाव आयोग को दोनों दलों की ओर से 5 राज्यों के चुनाव में खर्च की गई रकम की डिटेल दी गई थी, जिसे अब आयोग ने सार्वजनिक किया है। भाजपा की ओर से दिए गए ब्योरे के मुताबिक उसने उप्र, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब विधानसभा चुनावों में प्रचार अभियान पर 340 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।
डी गई जानकारी के मुताबिक भाजपा ने उप्र में सर्वाधिक 221 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अलावा मणिपुर में 23 करोड़, उत्तराखंड में 43.67 करोड़, पंजाब में 36 करोड़ से अधिक और गोवा में 19 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे।
कांग्रेस द्वारा दिए गए ब्योरे के मुताबिक उसने इन पांच राज्यों में प्रचार अभियान पर 194 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। भाजपा और कांग्रेस को राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं का चुनाव लड़ने वाले दलों के लिए एक निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्वाचन आयोग को प्रचार अभियान में हुए खर्च का ब्योरा देना अनिवार्य है।
बता दें कि यूपी, पंजाब और उत्तराखंड समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे इसी वर्ष 10 मार्च को आए थे। भाजपा ने यूपी, उत्तराखंड, गोवा में वापसी की तो मणिपुर में भी सत्ता हासिल कर ली।
ब्योरे के मुताबिक 5 राज्यों में सबसे अधिक रकम भाजपा की ओर से ही खर्च की गई, जबकि कांग्रेस पार्टी दूसरे नंबर पर रही है। कांग्रेस को किसी भी राज्य में जीत नहीं मिल सकी थी।