नई दिल्ली। दुनिया के खुशहाल देशों की रैंकिंग जारी कर दी गई है। इस रैंकिंग के अनुसार फिनलैंड दुनिया का सबसे खुशहाल देश है। यह छठी बार है जब फिनलैंड ने यह अवार्ड जीता है। फिनलैंड की आबादी 55 लाख है। हैप्पीनेस इंडेक्स में इस देश को 7.842 नंबर मिले हैं।
वहीं भारत की बात करें तो उसे इस सूची में नेपाल, चीन, बांग्लादेश और श्रीलंका से नीचे 126वें स्थान पर रखा गया है। टॉप-20 में एशिया के किसी भी देश का नाम नहीं है। यह रिपोर्ट 150 से अधिक देशों के डेटा पर आधारित है। बता दें कि हर साल 20 मार्च को इंटरनेशनल डे ऑफ हैप्पीनेस के रूप में मनाया जाता है। खुशहाली तय करने के लिए कुछ मानक तय किए हैं। इसमें प्रति व्यक्ति आय, सोशल सपोर्ट, स्वतंत्रता, स्वस्थ्य जीवन, उदारता और भ्रष्टाचार जैसे अहम बिंदु शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक जहां फिनलैंड पहले नंबर पर तो डेनमार्क दूसरे नंबर पर है। वहीं आइसलैंड को तीसरा स्थान मिला है। इजराइल को चौथा और नीदरलैंड पांचवें नंबर पर है। इनके अलावा छठे स्थान पर स्वीडन, सातवें पर नार्वे, आठवें पर स्विटजरलैंड, नौवें पर लक्जमबर्ग और 10वें पर न्यूजीलैंड का नाम शामिल है।
इसके बाद ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, बेल्जियम, चेक गणराज्य, यूनाइटेड किंगडम, लिथुआनिया को क्रमश: 11 से 20वां स्थान मिला है। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण दोनों देशों की रैंकिंग में गिरावट आई है। रूस 72वें और यूक्रेन 92वें स्थान पर है