बदायूं। उप्र में नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में सीएम योगी ने रविवार को बदायूं में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यहां दंगे होते थे। कर्फ्यू लगता था, अराजकता रहती थी। आज नो कर्फ्यू नो दंगा। यूपी में अब सब चंगा।
परिवारवाद पर साधा निशाना
परिवारवाद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले परिवारवादी लोग युवाओं के हाथ में तमंचे पकड़वाते थे। आज युवाओं के हाथों में टैबलेट हैं। मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं को गिनाने के बाद प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील की।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
सीएम योगी ने करीब 10 मिनट तक सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि लोगों को आवास की सुविधा मिली है। करोड़ों लोगों के घरों में शौचालय बने हैं। रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध हो गए।
उन्होंने कहा कि भारत इकलौता देश है, जिसने 80 करोड़ लोगों को कोरोना काल में नि:शुल्क राशन दिया। यूपी में 15 करोड़ लोगों को पिछले तीन वर्ष से फ्री में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। बता दें कि बदायूं जिले की 07 नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों में 11 मई को मतदान है। भाजपा प्रत्याशी जनसंपर्क में जुट हुए हैं।
मुख्यमंत्री के जाते ही शुरू हुई बारिश आंधी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जाते ही शहर में बादल छा गए और थोड़ी ही देर में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे शहर में कई जगह जलभराव हो गया। गनीमत रही कि जनसभा होने के बाद मौसम बदला, जिससे प्रत्याशियों समेत भाजपाई और पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।