पटना। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि नीतीश सरकार में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। उन्होंने इशारा किया कि जिस प्रकार महाराष्ट्र में सत्ता का खेल हुआ, उसी प्रकार बिहार में भी सत्ता का खेल होता है तो कोई बड़ी बात नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए यदि प्रस्ताव आता है तो भाजपा तैयार है और उसका स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके विधायक नाराज चल रहे हैं, यही कारण है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने विधायकों और सांसदों से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से महाराष्ट्र में अजित पवार अपनी टीम के साथ आए यदि उसी प्रकार यहां भी कोई आएगा तो उसका स्वागत किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जीवनी पर आधारित लिखित पुस्तक का विमोचन राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद द्वारा किए जाने को लेकर भी तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद की कृपा पर ही नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं इसीलिए वह राजद सुप्रीमो के हाथों अपने जीवन पर आधारित किताब का विमोचन करवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार जिन्हें पंजीकृत अपराधी बता रहे थे, आज उन्हीं के साथ चले गए हैं और अपने जीवन पर लिखित किताब का विमोचन भी करवा रहे हैं।