लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि अखिलेश बताएं, उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। उन्होंने मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश एक तरफ संविधान और आरक्षण की दुहाई देते हैं, दूसरी तरफ धर्म के आधार पर आरक्षण देने की बात कर रहे हैं।
राजभर ने पोस्ट की शुरुआत “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे” से की। उन्होंने लिखा कि अखिलेश को रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है तो उसी अंदाज में यह भी बता दें कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। उन्होंने तंज कसा कि अखिलेश अपनी “एसी-पीसी और ट्विटर” पर संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मुस्लिम आरक्षण की बात करते समय संविधान की व्यवस्था भूल जाते हैं।
पूछा- कभी पूरा संविधान पढ़ा भी है?
राजभर ने अखिलेश से पूछा कि क्या उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा भी है। उन्होंने कहा कि यदि संविधान पढ़ा होता तो उन्हें पता होता कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। राजभर ने आरोप लगाया कि वोट हासिल करने के लिए मुसलमानों को आरक्षण का “लॉलीपॉप” दिखाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उनका “‘पीट देगा अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है।”
राजभर ने कहा कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सबसे बड़ा है। उन्होंने अखिलेश और कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों विदेश में पढ़कर आए हैं, लेकिन बाबा साहेब के संविधान को नहीं समझ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बाबा साहेब को ही नहीं समझ सके तो उनके बनाए संविधान को कैसे समझेंगे।
इंदिरा साहनी से आंध्र प्रदेश तक के मामलों का जिक्र
सुभासपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में इंदिरा साहनी मामले के साथ वर्ष 2024 के पश्चिम बंगाल ओबीसी मामले और आंध्र प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण से जुड़े प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न्यायालयों ने धर्म को अकेला आधार बनाकर आरक्षण देने पर सवाल उठाए हैं।
राजभर ने आंध्र प्रदेश में मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण की कोशिश का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे न्यायालय में चुनौती मिली थी। उन्होंने इसी आधार पर अखिलेश से पूछा कि वह मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात किस संवैधानिक व्यवस्था के तहत कर रहे हैं।
‘संविधान बदलने की तैयारी तो नहीं’
राजभर ने अखिलेश के साथ उनके “दिल्ली वाले फॉरेनर भइया” को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्ता मिलने पर दोनों मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए सपा और उसके सहयोगी संविधान की दुहाई तो देते हैं, लेकिन अपनी राजनीति के लिए उसी की व्यवस्था से छेड़छाड़ करना चाहते हैं।
उन्होंने “संविधान बचाओ” के नारे पर भी तंज कसा। राजभर ने कहा कि एक तरफ संविधान बचाने की बात की जा रही है और दूसरी तरफ उसे बदलने की मंशा दिखाई दे रही है। उन्होंने सपा और उसके सहयोगियों पर पूर्व में भी बाबा साहेब के संविधान का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।
मुस्लिमों का कोटा किसके हिस्से से देंगे
राजभर ने कहा कि आरक्षण में सेंध लगाना “किसी के बाप की बपौती नहीं है।” उन्होंने समानता और धर्मनिरपेक्षता को संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा बताते हुए कहा कि संविधान में ऐसा कोई बदलाव किया भी गया तो वह न्यायिक समीक्षा के दायरे में आएगा।
उन्होंने मुस्लिमों के लिए अलग कोटे की बात पर एससी, एसटी और ओबीसी की हिस्सेदारी का सवाल उठाया। राजभर ने अखिलेश से पूछा कि यदि मुस्लिमों के लिए अलग कोटा देंगे तो एससी, एसटी और ओबीसी में किसके हिस्से से काटेंगे। उन्होंने 50 प्रतिशत की सीमा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सीमा के भीतर नया कोटा बनाया गया तो किसी न किसी आरक्षित वर्ग की हिस्सेदारी प्रभावित होगी और इससे ऊपर जाने पर मामला न्यायालय में जाएगा।
‘हिम्मत है तो कहें, संविधान बड़ा है’
राजभर ने अखिलेश को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह खुद को संविधान का हिमायती मानते हैं तो साफ कहें कि उनके लिए “संविधान बड़ा है, कुरान छोटा।” उन्होंने कहा कि अखिलेश की राजनीति को अब मुस्लिम समाज के साथ गैर-यादव पिछड़ा और बहुजन समाज भी समझने लगा है। राजभर ने सपा की सत्ता में वापसी के दावे पर भी तंज कसा। उन्होंने अखिलेश से कहा कि 2027 तो दूर, अगली पैदाइश में भी सपा की सरकार नहीं बनने वाली है।