नई दिल्ली। दिल्ली में कोहरे के साथ ही शीतलहर चल रही है। इस बीच बाहरी दिल्ली में दो अलग-अलग जगहों पर अंगीठी के धुएं से दम घुटने की वजह से छह लोगों के मौत की खबर है। पहली घटना खेड़ा कला गांव की है।
यहां एक परिवार ने सर्दी से बचने के लिए रात को अंगीठी जलाई थी। रात में कमरे में अंगीठी का धुआं भर गया। वेंटिलेशन नहीं होने के कारण परिवार के चार लोगों का दम घुट गया। मरने वाले चार लोगों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दरवाजा अंदर से बंद था, कमरे में अंगीठी जली हुई थी। मरने वाले दोनों बच्चों में एक की उम्र 7 साल और दूसरे की 8 साल बताई जा रही है।
वहीं, दूसरी घटना इंद्रपुरी में उषा इंस्टीट्यूट के पास हुई। यहां भी अंगीठी के धुएं से दम घुटने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान अभिषेक (22) और सोम बहादुर (54) के रूप में हुई है। ये दोनों लोग भी रात को कमरे में अंगीठी जलाकर सोए हुए थे। सुबह पुलिस को फोन आया। शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों ने सर्दी से बचने के लिए अंगीठी जलाई थी।
तीन दिन पहले द्वारका में कपल की मौत
इससे पहले दिल्ली के द्वारका इलाके दम घुटने से पति-पत्नी की मौत हो गई थी। द्वारका सेक्टर 23 के पोचनपुर गांव में अंगीठी के धुएं से दम घुटने से मौत का पता बच्ची के चिल्लाने से लगा। मरने वालों की पहचान नेहा और मानव के रूप में हुई। दम घुटने के कारण बच्ची ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद पड़ोसियों ने खिड़की तोड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची। इसके बाद तीनो के अस्पताल ले जाया गया। यहां दोनों पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया था।