रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुक्रवार को झारखंड में जनसभा होगी। इस क्रम में प्रधानमंत्री दोनों ही राज्यों में बिजली, रेल, सड़क, तेल, गैस, उर्वरक और कोयला क्षेत्र से संबंधित दर्जनों विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
झारखंड में वह धनबाद के सिंदरी में स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) उर्वरक संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 8,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित यह उर्वरक संयंत्र यूरिया क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पीएम मोदी धनबाद-चंद्रपुरा के बीच वैकल्पिक रेल मार्ग, सोनगर से अंडाल तक तीसरी व चौथी रेल लाइन और धनबाद से टाटानगर को जोड़ने वाली प्रधानखंता-भोजूडीह रेलमार्ग के दोहरीकरण का शिलान्यास करेंगे।
13674 करोड़ की रेल परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही 3200 करोड़ की लागत से बनी टोरी-शिवपुर प्रथम और द्वितीय तथा बीराटोली-शिवपुरी तीसरी लाइन को देश को समर्पित भी करेंगे। रेलवे के साथ-साथ कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री देवघर से डिब्रूगढ़ के नई एक्सप्रेस ट्रेन और टाटा से बादाम पहाड़ के बीच नई मेमू ट्रेन के साथ धनबाद रेल मंडल के शिवपुर से खुलने वाली लॉन्ग हॉल मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।