जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद में एनएच-83 बाईपास पर तेज रफ्तार वाहन ने एक वृद्ध को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-83 को जाम कर दिया। घटना जिले भेलावर ओपी क्षेत्र के मई हॉल्ट के पास की है।
मृतक की पहचान काको थाना क्षेत्र के भेलावर ओपी अंतर्गत ग्राम नेयाजीपुर गांव निवासी रामजतन पासवान के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए और मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वृद्ध मध्य बिहार ग्रामीण बैंक से वृद्धा पेंशन का पैसा निकाल कर अपने घर लौट रहे थे। तभी सड़क पार करने के दौरान अचानक तेज रफ्तार में आ रहे स्कार्पियो ने ठोकर मार दी, जिससे वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं झारखंड के चतरा जिले में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां वशिष्टंगर थाना क्षेत्र के जोरी गांव में सड़क के किनारे खड़ी महिला को एक स्कोर्पियो ने रौंद दिया, जिसकी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।