रांची। ईडी ने हजारीबाग जिले के बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की यह कार्रवाई अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित आवास में चल रही है। बताया जा रहा है कि बालू के अवैध कारोबार और जमीन पर जबरन कब्जा को लेकर ईडी की ओर से यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ईडी की ओर से इस छापेमारी को लेकर किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के रांची स्थित आवास में भी ईडी की छापेमारी चल रही है। इसके अलावा अंबा प्रसाद के कई रिश्तेदारों के यहां भी दबिश दिए जाने की खबर है।
जानकारी के अनुसार ईडी की टीम बड़कागांव विधायक के अलावा शशि भूषण सिंह समेत कुल 17 लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। ये कार्रवाई जमीन और बालू कारोबार में मनी लॉन्ड्रिंग मामले पर हो रही है। अब तक की सूचना के अनुसार ये सभी लोग विधायक अंबा प्रसाद के रिश्तेदार और करीबी बताए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार कथित अवैध बालू खनन, जबरन वसूली और कुछ अन्य अपराधों से संबंधित कई प्राथमिकताओं के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत ईडी की ओर से ये कार्रवाई की जा रही है।