जालंधर। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत के पक्ष में जमकर प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 12, 75 और 36 में जनसभाएं की। उन्होंने लोगों से कहा कि ईवीएम पर झाड़ू का बटन पांचवें स्थान पर है, लेकिन उन्होंने भगत को पहले नंबर पर लाना है।
मुख्यमंत्री ने अपनी जनसभाओं में कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान सब कुछ अच्छे के लिए करता है। जालंधर वेस्ट के लोगों को ईमानदार विधायक मिलना था, इसीलिए एक भ्रष्ट व्यक्ति ने इस्तीफा दे दिया।
सीएम भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के लिए कहा कि मोहिंदर भगत नाम से भी भगत हैं और स्वभाव से भी भगत हैं। उन्होंने कहा कि जनता भगत को जिताएं, वे उन्हें मंत्री बनाएंगे।