चंडीगढ़। पंजाब के युवा किसान शुभकरण की किसानों के प्रदर्शन के दौरान मौत हो गई थी। मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मृतक किसान शुभकरण के परिवार से मिले और उन्होंने परिवार को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। शुभकरण के परिजन मुख्यमंत्री आवास सीएम मान से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान परिवार को 1 करोड़ रुपये का चेक और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी दिया गया। शुभकरण की इसी साल फरवरी में किसान प्रदर्शन के दौरान मौत हुई थी।
पंजाब-हरियाणा सीमा पर फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने वाले कानून की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान शुभकरण की मौत हुई थी। घटना 21 फरवरी को घटी थी। आरोप है कि हरियाणा पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में पंचकूला निवासी एडवोकेट उदय प्रताप सिंह ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए जांच की मांग की थी।
सीएम भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, किसान आंदोलन के दौरान खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से युवा किसान शुभकरण सिंह शहीद हो गए। शहीद किसान के परिवार से मुलाकात की…वादे के मुताबिक परिवार को 1 करोड़ रुपए का चेक दिया गया और सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र.. किसानों की अपनी सरकार हर दुख-सुख में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और खड़ी रहेगी।