इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के सभागृह में आयोजित गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर समस्त देश व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा-गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर समस्त देश व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं…हमारी सरकार ने शिक्षकों के सम्मान में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों का नाम कुलगुरू करने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया है। हमारे यहां कुलगुरु परंपरा सदियों से चली आ रही है और अपनी इन्हीं संस्कृति, शिक्षा व जीवन शैली के आधार पर भारत दुनिया का सदैव नेतृत्व करता रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति गौरवशाली है। कुलपति को कुलगुरु करने की नींव इंदौर में ही पड़ी है। कार्यक्रम को विवि की कुलपति डॉ रेणु जैन ने भी संबोधित किया।